दिवाली पर घर नहीं पहुँच पाए लोग
दिवाली पर घर नहीं पहुँच पाए लोग
एक अधूरी यात्रा,
कुछ बुझते दीप और अपनों की प्रतीक्षा का दर्द
दिवाली है आज,
हर तरफ रोशनी है,
घरों की देहरी पर दीप जल रहे हैं, आँगन में रंगोलियाँ सज रही हैं, बच्चों की आँखों में उत्साह है,
माँ ने पकवान बनाए हैं,
पिता ने दरवाजे पर निगाहें टिका रखी हैं,
पत्नी ने जाने कितनी बार फोन उठाकर देखा है,
और किसी घर में कोई बच्चा अब भी पूछ रहा है— पापा कब आएँगे?
लेकिन ज़रा सोचिए,
उन लोगों के बारे में जो इस दिवाली घर नहीं पहुँच पाए।
उनके दुख की कल्पना कीजिए, जिन्होंने महीनों पहले टिकट बुक करने की कोशिश की होगी, जिन्होंने छुट्टियों का हिसाब लगाया होगा,
जिन्होंने अपने काम से समय निकाला होगा,
जिन्होंने मन ही मन तय कर लिया होगा कि इस बार दिवाली अपनों के साथ मनाएँगे।
लेकिन रेलगाड़ियों में जगह नहीं मिली,
बसों में पाँव रखने तक की जगह नहीं थी,
स्टेशनों पर भीड़ का समुद्र था, सड़कों पर थकान का अंतहीन विस्तार था,
और उनकी सारी योजनाएँ किसी प्रतीक्षासूची में अटककर रह गईं।
कितना विचित्र है न!
जिस देश में त्योहार घर लौटने का निमंत्रण देते हैं,
उसी देश में कितने लोग घर लौटने के साधन खोजते रह जाते हैं।
किसी ने माँ से कहा होगा— इस बार जरूर आऊँगा।
किसी ने पिता से वादा किया होगा— आपके साथ बैठकर दीये जलाऊँगा।
किसी ने पत्नी से कहा होगा— इस बार तुम्हें अकेले सब नहीं करना पड़ेगा।
किसी बच्चे ने कैलेंडर पर दिवाली के दिन के चारों ओर एक छोटा-सा गोला बनाया होगा,
और उस गोले के भीतर अपने पिता के आने की कल्पना रखी होगी।
लेकिन त्योहार आ गया,
दीप जल गए,
मिठाइयाँ बँट गईं,
आसमान में आतिशबाजियाँ गूँज उठीं,
और वे लोग किसी अनजान शहर के स्टेशन पर,
किसी बस अड्डे की बेंच पर,
या किसी भीड़भरी सड़क के किनारे अपने घर की दिशा में देखते रह गए।
मुझे याद है,
एक बार मैं दक्षिण भारत से ट्रेन द्वारा अपने घर लौट रहा था।
मन में दिवाली थी,
आँखों में घर का आँगन था,
और हृदय में अपनों से मिलने की एक अव्यक्त,
अधीर आकांक्षा।
मैंने सोचा था,
इस बार घर पहुँचकर सबके साथ बैठूँगा, दीपों की पंक्ति देखूँगा,
घर की परिचित आवाजों में अपने होने का अर्थ खोजूँगा।
लेकिन ट्रेन लगातार विलंबित होती रही। समय आगे बढ़ता रहा,
स्टेशन पीछे छूटते रहे,
और घर पहुँचने की उम्मीद हर गुजरते घंटे के साथ कुछ और थकती रही।
मैं खिड़की से बाहर देखता था,
रात के अँधेरे में गुजरते हुए गाँव, सोते हुए कस्बे,
दूर कहीं जलते हुए इक्के-दुक्के दीप,
और मन में बार-बार उठता एक ही प्रश्न— क्या इस बार भी देर हो जाएगी?
जब तक घर पहुँचा,
सब सो चुके थे।
न कोई स्वागत की आवाज,
न कोई उत्सव का शोर,
न किसी की प्रतीक्षा करती हुई आँखें, बस घर था,
अपने लोग थे,
और बीत चुकी दिवाली की एक खामोश-सी अनुभूति थी।
मैं घर तो पहुँच गया था,
लेकिन उस दिन का उत्सव मेरे पहुँचने से पहले ही समय के किसी कोने में बीत चुका था।
वह रात आज भी याद है। कभी-कभी लगता है,
कुछ यात्राएँ समाप्त हो जाती हैं, लेकिन उनकी कसक मन के भीतर जीवन भर चलती रहती है।
इसलिए मैं समझ सकता हूँ उन लोगों का दर्द जो इस दिवाली भी घर नहीं पहुँच पाए होंगे।
उनके लिए भी तो दिवाली थी, उनके लिए भी कोई प्रतीक्षा कर रहा था,
उनके लिए भी किसी ने एक अतिरिक्त दीया जलाने की सोची होगी।
लेकिन शायद वह दीया इस उम्मीद में जलता रहा होगा कि कोई दरवाजा खटखटाएगा,
कोई परिचित आवाज सुनाई देगी, कोई कहेगा— आ गए तुम!
कितने घरों में इस बार एक थाली कम सजी होगी,
कितने आँगनों में एक कुर्सी खाली रह गई होगी,
कितनी माताओं ने फोन पर बेटे की आवाज सुनकर अपने आँसू छिपाए होंगे,
कितने पिता ने कहा होगा— कोई बात नहीं बेटा,
अगली बार आ जाना।
और कितनी पत्नियों ने बच्चों को समझाया होगा— पापा इस बार नहीं आ सके,
अगली दिवाली जरूर आएँगे।
बच्चे शायद मान भी गए होंगे, लेकिन वे क्या जानें कि उनके पिता की आँखों में उस समय कितनी विवशता रही होगी।
वह व्यक्ति जो अपने परिवार के लिए दूर किसी शहर में परिश्रम करता है,
वह अपनी अनुपस्थिति का सुख नहीं भोगता,
वह हर त्योहार पर अपने हिस्से की खुशी भी घर भेज देना चाहता है।
उसकी कमाई में परिवार का भविष्य होता है,
उसकी थकान में बच्चों की पढ़ाई होती है,
उसके संघर्ष में माता-पिता की दवाइयाँ होती हैं,
और उसकी छुट्टियों की छोटी-सी इच्छा में पूरा घर समाया होता है।
लेकिन कभी-कभी वह अपनी ही कमाई से खरीदे टिकट के बावजूद अपने घर तक नहीं पहुँच पाता।
कितनी विडंबना है!
मनुष्य ने आकाश छूने के साधन बना लिए,
चाँद तक पहुँचने की तकनीक विकसित कर ली,
दुनिया को जोड़ने के लिए असंख्य संचार माध्यम बना लिए,
लेकिन त्योहार के दिनों में अपने ही देश के भीतर हर व्यक्ति को घर पहुँचाने की सुविधा और व्यवस्था अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
क्या विकास का अर्थ केवल चमकती इमारतें हैं?
क्या समृद्धि का अर्थ केवल बढ़ते आँकड़े हैं?
क्या उत्सव का अर्थ केवल बाजारों की रौनक है?
क्या हम कभी उन चेहरों को भी देखेंगे जो टिकट खिड़की पर निराश लौटते हैं?
उन परिवारों को भी समझेंगे जो स्टेशन पर किसी की राह देखते हैं?
उन मजदूरों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और प्रवासियों को भी अपने विकास की कहानी में स्थान देंगे जिनके लिए घर पहुँचना कभी-कभी सबसे कठिन यात्रा बन जाता है?
सरकारें बदलती हैं,
नीतियाँ बनती हैं,
घोषणाएँ होती हैं,
लेकिन एक सामान्य मनुष्य की छोटी-सी आकांक्षा को समझना भी सुशासन की सबसे बड़ी कसौटियों में से एक है।
उसे बहुत कुछ नहीं चाहिए,
उसे बस त्योहार पर घर पहुँचना है।
उसे कोई विशेष सम्मान नहीं चाहिए,
बस इतना चाहिए कि उसके बच्चों की आँखों में उसके आने की प्रतीक्षा व्यर्थ न जाए।
उसे कोई असाधारण सुविधा नहीं चाहिए,
बस इतनी व्यवस्था चाहिए कि त्योहार उसके लिए एक और संघर्ष का नाम न बन जाए।
क्योंकि दिवाली केवल तेल के दीयों में नहीं होती,
वह माँ की आँखों में होती है, पिता के आशीर्वाद में होती है,
बच्चों की हँसी में होती है,
पत्नी की प्रतीक्षा में होती है,
और उस घर की सामूहिक साँसों में होती है जहाँ कोई अपना लौटकर आता है।
दिवाली का सबसे सुंदर दीप वह नहीं जो महल की छत पर जलता है,
वह है जो किसी साधारण घर के दरवाजे पर अपने प्रियजन की प्रतीक्षा में जलता है।
और सबसे गहरा अँधेरा वह नहीं जो अमावस्या की रात में होता है, वह है जो किसी घर के भीतर अपनों के न लौट पाने से उतर आता है।
इसलिए इस दिवाली जब हम अपने घरों में दीप जलाएँ,
तो एक क्षण उन लोगों के लिए भी सोचें जो किसी दूसरे शहर में अपने परिवार से दूर रह गए।
उनके हिस्से की खुशी को याद करें, उनकी विवशताओं को समझें, उनकी प्रतीक्षा को महसूस करें।
किसी की अनुपस्थिति को उसकी उपेक्षा मत समझिए,
कभी-कभी परिस्थितियाँ मनुष्य को वहाँ भी नहीं पहुँचने देतीं जहाँ उसका पूरा हृदय पहले से उपस्थित होता है।
और जो लोग घर नहीं पहुँच पाए, उनसे बस इतना कहना चाहता हूँ—
आपकी प्रतीक्षा व्यर्थ नहीं है, आपका प्रेम कम नहीं है,
आपकी विवशता कोई अपराध नहीं है।
आपके घर में जलता हुआ दीप आपके लौटने की उम्मीद से भी रोशन है।
एक दिन ऐसा भी आए जब किसी को त्योहार पर घर पहुँचने के लिए टिकटों की मारामारी न करनी पड़े, जब किसी माँ को अपने बेटे की प्रतीक्षा में रात भर दरवाजा न देखना पड़े,
जब किसी बच्चे की दिवाली पिता की अनुपस्थिति में अधूरी न रह जाए,
और जब किसी प्रवासी का मन घर पहुँचने की चिंता से मुक्त हो।
क्योंकि अंततः हम कितनी भी दूर चले जाएँ,
कितना भी कमा लें,
कितनी भी उपलब्धियाँ अर्जित कर लें,
जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि किसी त्योहार की शाम अपने लोगों के बीच बैठना ही है।
दीप तो हर वर्ष जलेंगे,
अमावस्या हर वर्ष आएगी,
बाजार फिर सजेंगे,
आसमान फिर रोशन होगा।
लेकिन किसी की प्रतीक्षा में बीती हुई एक दिवाली वापस नहीं आएगी।
इसलिए, दिवाली की असली रोशनी दीयों की लौ में नहीं,
अपनों के साथ होने में है।
— रुपेश रंजन
Comments
Post a Comment