नदी ने रास्ता बदल लिया है...
नदी ने रास्ता बदल लिया है
नदियों ने रास्ता बदल लिया है,
अब किनारों को सूखना होगा,
जो उम्र भर साथ चलते रहे,
उन्हें अब अकेले ही जीना होगा।
नदी को कहाँ याद रहती हैं किनारों की अनगिनत कुर्बानियाँ,
वह तो अपनी धुन में बहती है,
पीछे छोड़ जाती है अधूरी कहानियाँ।
किनारों ने भी क्या-क्या नहीं सहा, बाढ़ का प्रकोप, लहरों का प्रहार, अपनी मिट्टी तक खोते रहे,
बस नदी से बना रहे उनका संसार।
अब न कोई कलकल की ध्वनि होगी,
न लहरों का कोई पैगाम आएगा, जिस जल को देखकर जीवन जिया,
वह जल अब किसी और दिशा में जाएगा।
शायद यही नियति है संबंधों की, कोई ठहरता है,
कोई बह जाता है,
कोई उम्र भर प्रतीक्षा करता है, कोई बिना मुड़े आगे बढ़ जाता है।
नदियों ने रास्ता बदल लिया है, किनारों को अब बिखरना होगा,
हर बिछड़ने वाले को दोष क्या देना,
कभी-कभी प्रेम में भी सूखना होगा।
और एक दिन जब धूल उड़ेंगी उन सूने,
उजड़े हुए किनारों पर,
तब शायद नदी को भी याद आएगा कि कभी उसका घर था उन्हीं किनारों पर।
Comments
Post a Comment