घर और सुकून...
घर और सुकून
घर सुकून देता है,
लेकिन हर किसी को नहीं,
कुछ लोग घर लौटकर मुस्कुराते हैं, कुछ के हिस्से में घर होकर भी घर नहीं।
कभी दीवारें बहुत कुछ कहती हैं, कभी खामोशियाँ शोर मचाती हैं, कभी अपनों के बीच रहकर भी अकेलेपन की लंबी रातें आती हैं।
कभी हम घर छोड़ आते हैं सुकून के लिए,
कभी सुकून की तलाश में भटकते रहते हैं,
जिन आँगनों में बचपन गुज़ारा होता है,
वहीं लौटने से कभी-कभी डरते रहते हैं।
हर घर में छत तो होती है,
मगर हर छत के नीचे आसरा नहीं होता,
ईंटों और पत्थरों से बन जाता है मकान,
मगर हर मकान में घर जैसा एहसास नहीं होता।
किसी को घर में रहकर भी दूर जाना है,
किसी को दूर रहकर घर को याद करना है,
किसी को अपनों से बचकर जीना है,
किसी को अपनों के लिए ही सब सहना है।
अजीब विडंबना है इस जीवन की, जिसे पाने में उम्र गुज़र जाती है, कभी उसी से मुक्ति की चाह जागती है,
कभी उसी की याद रुला जाती है।
शायद घर कोई जगह नहीं,
जहाँ लौटकर केवल विश्राम किया जाए,
घर तो वह एहसास है,
जहाँ बिना कुछ कहे भी समझ लिया जाए।
और जहाँ आत्मा को अपना मौन छिपाना न पड़े,
जहाँ मुस्कान के पीछे दर्द दबाना न पड़े,
जहाँ होने के लिए कोई शर्त न हो, जहाँ स्वयं को साबित करने की ज़रूरत न हो।
कभी-कभी घर छोड़ना घर से बिछड़ना नहीं होता,
यह अपने भीतर बचे हुए इंसान को बचाना होता है,
क्योंकि सुकून से बढ़कर कुछ भी नहीं इस दुनिया में,
और कभी सुकून पाने के लिए अपने ही घर से दूर जाना होता है।
Comments
Post a Comment