मुक्ति आवश्यक है...
मुक्ति आवश्यक है...
मुक्ति आवश्यक है,
केवल देह से नहीं,
उन विचारों से भी जो मन के भीतर अनवरत अपना साम्राज्य स्थापित किए बैठे हैं।
मुक्ति आवश्यक है,
उन स्मृतियों से जो बीतकर भी बीतती नहीं,
उन संबंधों से जो समाप्त होकर भी समाप्त नहीं होते,
उन प्रतीक्षाओं से जिनका कोई आगमन शेष नहीं।
मुक्ति आवश्यक है,
किसी को भूलने के लिए नहीं, बल्कि उसे स्मरण करते हुए भी स्वयं को न खो देने के लिए।
हर प्रेम की परिणति मिलन नहीं, हर वियोग का समाधान विस्मृति नहीं,
कुछ अनुभूतियाँ आत्मा में उतरकर आजीवन अपनी उपस्थिति बनाए रखती हैं।
फिर भी उनसे मुक्त होना आवश्यक है।
मुक्ति आवश्यक है अहंकार के उस अदृश्य आवरण से,
जहाँ मनुष्य स्वयं को ही संपूर्ण सृष्टि का केंद्र समझ बैठता है।
मुक्ति आवश्यक है प्रशंसा की आकांक्षा से,
अपमान के प्रतिशोध से,
और उस मोह से जो अपने ही अस्तित्व को बाँध लेता है।
मुक्ति आवश्यक है उन स्वप्नों से भी जिन्हें हमने अपनी नियति मान लिया,
उन रास्तों से भी जिन पर चलते-चलते हमने अपनी दिशाएँ खो दीं।
क्योंकि जीवन केवल पाने का नाम नहीं,
कुछ छोड़ने की कला भी है।
कुछ स्वीकार करने का साहस,
कुछ अस्वीकार करने का विवेक,
और कुछ अनुत्तरित प्रश्नों के साथ शांतिपूर्वक जीने का नाम भी है।
मुक्ति संसार से पलायन नहीं,
संसार के बीच रहते हुए उसके आकर्षणों से अप्रभावित हो जाना है।
मुक्ति संबंधों का निषेध नहीं,
संबंधों में रहते हुए स्वामित्व की भावना का विसर्जन है।
मुक्ति मृत्यु नहीं,
जीवन की परिपक्वतम अनुभूति है।
जहाँ न किसी को बाँधने की इच्छा हो,
न किसी से बँधे रहने की विवशता, न अतीत को बदलने का आग्रह,
न भविष्य को अपने अनुरूप ढालने की हठ।
और अंततः...
मुक्ति आवश्यक है क्योंकि ब्रह्मांड भी शाश्वत नहीं,
समय भी अपनी गति में क्षयमान है,
नक्षत्रों का वैभव भी एक दिन विलीन होगा,
तो फिर मनुष्य किस बात का इतना स्थायी अभिमान लेकर चले?
सब कुछ परिवर्तनशील है,
सब कुछ प्रवाहमान,
कुछ भी पूर्णतः अपना नहीं,
और शायद यही स्वीकार कर लेना मुक्ति का प्रथम सोपान है।
मुझे अब किसी से कुछ छीनना नहीं,
किसी को अपने पास रोकना नहीं, किसी बीते हुए कल से कोई हिसाब माँगना नहीं।
बस इतना चाहिए— मन अपने भीतर लौट आए,
आत्मा अपने आकाश को पहचान ले,
और जीवन,
जीवन की तरह बह सके।
क्योंकि अंततः मुक्ति मिलना ही नहीं,
मुक्त होना भी आवश्यक है।
Comments
Post a Comment