कैसी दीवाली ज़िंदगी में...
कैसी दीवाली ज़िंदगी में...
जब अपना कोई चला जाए, तो फिर कैसी दीवाली ज़िंदगी में, किसके लिए दीप जलाएँ हम, जब अँधेरा उतर आया हो बंदगी में।
आँगन वही है, चौखट वही है, वही घर, वही दीवारें हैं, बस एक आवाज़ नहीं आती अब, जिससे आबाद ये गलियाँ थीं।
दीये तो इस बार भी जलेंगे, बाज़ारों में रौनक भी होगी, आसमान में आतिशबाज़ी होगी, हर घर में खुशियों की आमद होगी। लेकिन हमारे हिस्से में एक ख़ामोशी ठहरी रहेगी, एक खाली कुर्सी, एक सूना कोना, और आँखों में नमी रहेगी।
कभी जिनके आने से त्योहार आता था, आज उनके बिना त्योहार आया है, कैलेंडर ने तारीख़ तो बदल दी, पर दिल ने कहाँ कुछ भुलाया है।
कितनी अजीब होती है नश्वरता, जो कल तक हमारे साथ चला करते थे, आज उनकी स्मृतियों के सहारे हम जीवन का रास्ता तय करते हैं।
अब कौन बुलाएगा अपने पास, कौन माथे पर हाथ रखेगा, कौन हमारी छोटी-सी खुशी पर बच्चों की तरह प्रसन्न होगा?
किससे कहेंगे कि देखिए, इस बार भी दीवाली आ गई, लेकिन आपके बिना इस घर में कोई बात पहले जैसी कहाँ रह गई।
कुछ रिश्ते देह से नहीं होते, वे साँसों में अपना घर बनाते हैं, वे चले भी जाएँ इस दुनिया से, तो भी हमसे कहाँ दूर जा पाते हैं।
उनकी हँसी किसी पुराने कमरे में, उनकी बातें किसी संदूक में मिलती हैं, उनके स्पर्श की ऊष्मा आज भी हमारी स्मृतियों में जीवित रहती है।
हम भी जलाएँगे कुछ दीप, शायद उनकी स्मृति के नाम पर, शायद इस विश्वास के साथ कि प्रेम कभी समाप्त नहीं होता किसी जीवन के अवसान पर।
मगर सच तो यही है— दीपों की पंक्तियाँ सज जाएँगी, रात भी जगमग हो जाएगी, पर जिस घर से कोई अपना चला जाए, उस घर की एक दीवाली हमेशा अधूरी रह जाएगी।
जब अपना कोई चला जाए, तो फिर कैसी दीवाली ज़िंदगी में... रोशनी बाहर कितनी भी हो, एक अँधेरा रह ही जाता है आदमी के भीतर।
— रुपेश रंजन
Comments
Post a Comment